दौराला। मेरठ विकास प्राधिकरण ने बुधवार को दौराला क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए समौली मार्ग पर बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण किया। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनी के रास्तों, दीवारों और अन्य निर्माणों को बुलडोजर से तोड़ दिया।
मेडा की अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग में लगे बिल्डरों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। टीम के पहुंचते ही कई बिल्डर और उनके प्रतिनिधि मौके से खिसक गए। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि बिना नक्शा स्वीकृत कराए कॉलोनी विकसित करना नियमों का गंभीर उल्लंघन है। पूर्व में चिह्नित अवैध कॉलोनियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। मेडा अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें। बिना स्वीकृति वाली कॉलोनियों में निवेश करने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आगे भी अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।