माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने शुक्रवार को अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। बिना स्वीकृत ले-आउट और बिना सक्षम अनुमति के किए जा रहे विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सड़कों, सीवर लाइनों, नालियों, प्लॉट की बाउंड्रीवाल समेत अन्य निर्माण तोड़े गए।
खनौदा गांव रोड और आउटर रिंग रोड के पास अजय प्रताप सिंह द्वारा करीब 10 हजार वर्ग मीटर भूमि पर बिना ले-आउट स्वीकृत कराए अवैध कॉलोनी को विकसित किया जा रहा था। पल्लवपुरम में उल्देपुर गांव रोड पर अमित कुमार द्वारा करीब 10 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी बनाई जा रही थी।
वहीं, पल्लवपुरम क्षेत्र के उल्देपुर चौराहे के पास प्रशांत चौहान और अमित चौधरी करीब 50 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। इन कॉलोनियों में सड़कों, नालियों, प्लॉटों की बाउंड्रीवाल सहित अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कराया गया।