- जिला पैरा खेल संघ की ओर से डीएम कार्यालय में हुआ समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला पैरा खेल संघ की ओर से शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में पैरा खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने आठवीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 28 मई तक बंगलूरू में किया गया था। इसमें मेरठ के पैरा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 पदक जीते। इसमें पांच स्वर्ण पदक और पांच रजत पदक शामिल रहे। मेरठ के अनुभव चौधरी ने टी-35 श्रेणी में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। आयुष वर्मा ने एफ-53 श्रेणी में शॉटपुट में, रितिका ने टी-64 श्रेणी में 100 मीटर दौड़ में, फातिमा खातून ने एफ-56 श्रेणी में डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीता।
प्रियांश ने एफ-57 श्रेणी के डिस्कस थ्रो में, दीपिका ने एफ-33 श्रेणी के भाला फेंक और शॉटपुट में, रिया सिंह ने एफ-46 श्रेणी के शॉटपुट में और रितिका ने टी-44 श्रेणी के लांग जंप में रजत पदक जीता। शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने इन खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम के संयोजक जिला पैरा खेल संघ के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता रहे। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।