मेडा ने जारी किया बजट, जल्द होगा काम शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शताब्दीनगर में बदहाल सड़कें अब जल्द ही दुरुस्त होंगी। एनसीआरटीसी की ओर से बनाए गए रैपिड के डिपो से लगातार कैंटर, ट्रक और ट्रॉला के आवागमन के कारण सड़कें बदहाल हो गई हैं। सड़क निर्माण के लिए लगातार निवासी अफसरों से शिकायत कर रहे थे। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने इसके लिए डेढ़ करोड़ का बजट जारी कर दिया है। जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।
मेडा की शताब्दीनगर आवासीय योजना में भीतरी मार्ग की तमाम सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। इतना ही नहीं मुख्य मार्ग की हालत बेहद खस्ता है। दिल्ली रोड की ओर से आने वाले वाहन फ्लाई ओवर के नीचे से होकर जाते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग से जुड़े कई मार्ग बदहाल हैं। इसके अलावा सबसे ज्यादा जर्जर हालत पंचवटी से उत्तर की ओर जाने वाले मार्ग की है। निवासियों का कहना है कि रैपिड का डिपो बनने के बाद से लगातार सड़कें टूट रही हैं।
ट्रक, कैंटर, ट्रॉला आदि बड़े वाहनों की दिनभर आवाजाही लगी रहती है, जिससे मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। अधिशासी अभियंता अरुण शर्मा ने बताया कि मेडा ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट शताब्दीनगर की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए जारी कर दिया है। जल्द ही लोगों को बदहाल सड़कों से निजात मिलेगी।