संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उपचुनावों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा होते ही भाजपा नेताओं की भागदौड़ शुरू हो गई है। मेरठ के कई दिग्गज भाजपा नेता मुजफ्फरनगर की मीरापुर और गाजियाबाद शहर सीट पर उपचुनाव में जुटे हैं। ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने शुक्रवार को मीरापुर सीट पर रालोद-भाजपा उम्मीदवार मिथलेश पाल का नामांकन दाखिल कराया। उधर, नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेरठ के अन्य भाजपा नेताओं को विभिन्न सीटों पर चुनाव प्रचार में भेजा जाएगा।
मेरठ के दिग्गज नेताओं के अनुभव का विभिन्न प्रदेशों में लाभ लिया जा रहा है। राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी को भाजपा ने झारखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। पूर्व सांसद विजयपाल तोमर ने उड़ीसा के प्रदेश प्रभारी के रूप में वहां भाजपा की सरकार बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को योगी सरकार गंभीरता से ले रही है। प्रत्येक विधानसभा सीट पर तीन-तीन मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है। मेरठ दक्षिण विधायक और प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर को मीरापुर सीट पर लगाया गया है। शुक्रवार को रालोद-भाजपा गठबंधन की प्रत्याशी मिथलेश पाल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा भी मीरापुर उपचुनाव में जुटे हैं। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा भी गाजियाबाद शहर सीट के उप चुनाव में जनसंपर्क करने गए हैं।