दिव्यांग पार्क का विरोध करने वालों से अब एमडीए सख्ती से निपटेगा
मेरठ। शताब्दी नगर में दिव्यांग पार्क बनाने में रुकावट पैदा करने वालों से अब एमडीए सख्ती से निपटेगा। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कराया जाएगा।
एमडीए अफसरों के मुताबिक शताब्दी नगर में चार हजार वर्ग मीटर जगह पर दिव्यांग पार्क बनाया जाना है। इसमें करीब 65 लाख रुपये की लागत आएगी। जिसमें से 19 लाख रुपये का काम हो चुका है। करीब 10-12 लोग बेवजह पार्क बनाने का विरोध कर रहे हैं। वे पार्क की जमीन को अपना बताते हैं जबकि दस्तावेजों में एमडीए के नाम अंकित है। कई बार विरोध करने वालों को समझाने का प्रयास किया गया है मगर वे समझने को तैयार नहीं हैं। अब विरोध करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस की मौजूदगी में पार्क का निर्माण शुरू कराने का फैसला किया गया है।
काफी प्रयास करने के बावजूद कुछ लोग बेवजह विरोध करके बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। जिस जमीन पर पार्क बनाया जा रहा है, वह एमडीए के नाम है। अब तय किया गया है कि विरोध करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। -चंद्रपाल तिवारी, सचिव एमडीए