रोहता रोड पर अवैध कालोनियों को ध्वस्त करती एमडीए की टीम
मेरठ- बड़ौत रोड पर जैनपुर-दिलावरा और अरनावली गांवों में विकसित की जा रही कॉलोनियां
रोहटा। मेरठ- बड़ौत रोड पर जैनपुर-दिलावरा और अरनावली गांवों के जंगलों में अवैध रूप से विकसित की जा रही काॅलोनियों पर शनिवार को मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) की टीम ने बुलडोजर चलाया। टीम ने अवैध निर्माणों को तहस-नहस कर दिया।
एमडीए टीम के सदस्यों ने बताया कि कुछ कॉलोनाइजर लंबे समय से बिना नक्शा पास कराए और बिना किसी अनुमति के कई गांवों के खेतों की जमीन पर प्लॉट काटकर कॉलोनी विकसित कर रहे थे। इसकी शिकायत मिलने पर शनिवार को भारी पुलिस बल के साथ एमडीए की टीम मौके पर पहुंची और आधा दर्जन जेसीबी मशीनों से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों, प्लाॅट भरी गई नींव ओर कॉलोनी की बाउंड्री व अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कई कॉलोनाइजर मौके से फरार हो गए। वहीं आसपास के क्षेत्रों में भी अवैध प्लॉटिंग करने वालों में खलबली है।
अधिकारियों का कहना है कि बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए लेकिन पुलिस ने सख्ती बरते हुए लोगों को भेजा।
रोहता रोड पर अवैध कालोनियों को ध्वस्त करती एमडीए की टीम