दिल्ली-हरिद्वार हाईवे स्थित मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के सामने एक कंटेनर ने बुलेट सवार मंसूरपुर मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कंटेनर कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली के कल्याण विहार निवासी एमबीबीएस डॉक्टर नरेश कुमार का पुत्र पुलकित सतीजा (22) मुजफ्फरनगर जनपद के मंसूरपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था। बृहस्पतिवार दोपहर वह अपनी बुलेट से दिल्ली अपने घर लौट रहा था। दोपहर करीब दो बजे जब वह दिल्ली हाईवे स्थित मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के सामने पहुंचा तो कंटेनर ने बुलेट में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पुलकित सड़क पर गिरा तो कंटेनर उसे कुचलता निकल गया।
पुलकित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीछा कर कंटेनर पकड़ते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पुलकित की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पड़ताल की तो उसके परिवार से संपर्क हो पाया। इसके बाद पता चला कि वह मंसूरपुर मेडिकल कॉलेज का छात्र था। शाम को उसके परिजन और मेडिकल कॉलेज के छात्र भी पोस्टमार्टम हाउस और परतापुर थाने पहुंच गए। कार्यवाहक एसओ रितेश कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इकलौता चिराग था
पुलकित के पिता नरेश कुमार और मां शम्मी दोनों दिल्ली में एमबीबीएस चिकित्सक हैं। पुलकित उनकी एक मात्र संतान थी। पोस्टमार्टम हाउस पर जैसे ही उन्होंने बेटे का शव देखा तो बिलख पड़े। उनके साथ आए रिश्तेदारों का भी बुरा हाल हो गया। मेडिकल कॉलेज से आए पुलकित के साथी भी आंसू नहीं रोक सके।
हेलमेट भी चकनाचूर हुआ
पुलकित ने बुलेट चलाने के दौरान सुरक्षा के लिए हेलमेट भी लगा रखा था। लेकिन कंटेनर से वह भी चकनाचूर हो गया।
पुलकित को कभी नहीं भुला पाएंगे
पुलकित के सहपाठी ने बताया कि दोपहर में उसके मोबाइल पर किसी ने कॉल करके इस दर्दनाक हादसे की जानकारी दी थी। जिसे सुनकर वह स्तब्ध रह गया था। वह और उसके साथी तुरंत मेरठ के लिए रवाना हो गए। उसने बताया कि पुलकित बड़ा हंसमुख मिजाज था। सभी के साथ घुल मिलकर रहता था। वह उसे कभी नहीं भूल पाएंगे।