सावन मास के साथ ही कांवड़ यात्रा की चुनौती शुरू हो चुकी है। किसी आतंकी वारदात या सांप्रदायिक टकराव के अंदेशे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान विशेष रूप से सावन के दो सोमवारों पर शिवालयों और आसपास अतिरिक्त चौकसी बरती जाएगी। औघड़नाथ मंदिर पर एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाएड (एटीएस) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का सुरक्षा घेरा रहेगा। ड्रोन से कांवड़ क्षेत्र की निगरानी होगी तो स्थानीय कांवड़ कंट्रोल रूम लखनऊ कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों की सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में ड्यूटी लगनी शुरू हो गई है। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा पर लखनऊ से डीजीपी और एडीजी (कानून व्यवस्था) खुद नजर रखेंगे। कांवड़ यात्रा के नोडल अफसर एसपी सिटी ओपी सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से कांवड़ क्षेत्र को 22 जोन और 62 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में सीओ के साथ प्रशासनिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। जबकि प्रत्येक सेक्टर में आठ स्थानों पर पुलिस पिकेट लगेगी। इसमें 1-1 दरोगा और 6 सिपाहियों की शिफ्ट वार ड्यूटी रहेगी। छह कंपनी पीएसी और दो कंपनी आरएएफ पहले ही मिल चुकी है। संवेदनशीलता को देखते हुए चार कंपनी पीएसी मांगी गई है। हाईवे पर दौराला से लेकर परतापुर बॉर्डर तक 10 नाइट पेट्रोलिंग कार लगायी जाएंगी। स्थानीय स्तर पर 40 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, 250 दरोगा, 220 एचसीपी, 1500 सिपाहियों और होमगार्ड के अलावा बाहरी जिलों की फोर्स अलग से तैनात होगी। दो कंपनी फोर्स पुलिस लाइन में रिजर्व रहेगी। फायर ब्रिगेड और घुड़सवार दस्ते के अलावा टियर गैस स्क्वाएड, सरकारी एंबुलेंस और क्रेन भी लगायी जाएंगी।
कांवड़ क्षेत्र में क्यूआरटी
कांवड़ यात्रा क्षेत्र में अलग से चार क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी। जो किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचेंगी।
जोनल कंटीजेंसी प्लान
कांवड़ यात्रा के दौरान कंटीजेंसी प्लान बनाया गया है। इसके तहत कोई भी अप्रिय घटना होने पर कांवड़ियों को उसी जगह बैरियर लगाकर रोक दिया जाएगा। दूसरे रास्तों को तुरंत खाली कराते हुए प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित थाना और चौकी प्रभारी की होगी।
पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर रोक
कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस कर्मियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई। एसएसपी ने एसपी देहात और सिटी को ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दो सोमवारों पर चौकसी
सावन के पहले सोमवार 25 जुलाई को औघड़नाथ मंदिर और अन्य शिवालयों पर जलाभिषेक को भारी भीड़ रहेगी। जबकि दूसरे सोमवार एक अगस्त को ही शिवरात्रि पर मुख्य जलाभिषेक होगा। ऐसे में दोनों सोमवार अतिरिक्त चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सूचना तंत्र मजबूत करें
चुनावी साल में किसी भी तरह के सांप्रदायिक बखेड़े को रोकने के लिए सभी थानेदारों को सूचना तंत्र मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। थानाध्यक्षों को हिदायत दी गई है कि छोटी से छोटी घटना पर भी खुद मौके पर जाकर पड़ताल करें। गांव के चौकीदारों को हर सूचना देने को कहा गया है। सोशल मीडिया और व्हाट्स एप ग्रुप पर भी निगरानी के लिए साइबर यूनिट को निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले करीब डेढ़ दर्जन मिश्रित आबादी वाले गांवों में विशेष निगरानी के लिए कहा गया है।