- गोबर नाले में बहा देने के कारण सीवर लाइन हो रही चॉक
फोटाे
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने रविवार को शास्त्रीनगर एल-ब्लॉक क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने वहां पंपिंग सेट लगवाकर पानी की निकासी कराई। इससे जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान हुआ।
महापौर को सूचना मिली थी कि एल-ब्लॉक तिराहे से बिजली बम्बा बाईपास तक जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। इसके कारण यातायात बाधित हो रहा था और पुलिस को भी परेशानी हो रही थी। सूचना पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह और मुख्य अभियंता निर्माण प्रमोद सिंह के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि हापुड़ रोड से लगी बस्तियों में अवैध डेयरियां चल रही हैं। डेयरी संचालक गोबर नाले में बहा देते हैं, जिससे सीवर चॉक होने से जलभराव होता है। व्यापारियों ने भी इस बात की पुष्टि की और बताया कि उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि नाले पर जाल लगाकर राज्य मार्ग के मध्य से सीवर पाइप डालने से स्थायी समाधान हो सकता है। यह मार्ग पीडब्ल्यूडी (एनएच) डिवीजन गाजियाबाद के अंतर्गत आता है।
महापौर के निर्देश और स्थायी समाधान
महापौर ने पीडब्ल्यूडी (एनएच) डिवीजन गाजियाबाद के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर रोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जलभराव की समस्या दूर करने के सख्त निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि यदि आवश्यक हो तो पीडब्ल्यूडी (एनएच) गाजियाबाद डिवीजन से अनापत्ति पत्र लिया जाए। इसके बाद त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाए। निरीक्षण में श्रीश सिंह, सतीश कमल, केजी शर्मा और लाल बहादुर चौहान जैसे अधिकारी मौजूद रहे।