बनेगी वर्कशाप, राज्यमंत्री दिनेश खटीक करेंगे शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मवाना रोडवेज बस अड्डे का 6.52 करोड़ रुपये से विस्तार किया जाएगा। बस स्टैंड में वर्कशाप (कार्यशाला) की स्थापना होगी। आगामी सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। राज्यमंत्री दिनेश खटीक इसका शिलान्यास करेंगे।
अभी मवाना रोडवेज बस अड्डे से करीब आठ बसों का ही संचालन होता है। हालांकि बिजनौर, नजीबाबाद, कोटद्वार, मेरठ आदि की 80 बसें मवाना से होकर गुजरती हैं। मवाना रोडवेज बस स्टैंड पर 6.52 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक वर्कशॉप का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत बस अड्डा उप डिपो में भी अपग्रेड होगा, जिससे मवाना से विभिन्न मार्गों पर नई बसों का संचालन शुरू हो सकेगा। बस स्टैंड का विस्तार होने और बसों की संख्या में वृद्धि होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। वर्कशाप का निर्माण पूरा होने के बाद यहां से लगभग 40 बसों का संचालन विभिन्न रूटों के लिए होगा।
निर्माण निगम के अवर अभियंता योगेंद्र कुमार ने बताया कि राज्य मंत्री दिनेश खटीक से समय लेकर जल्द ही भूमि पूजन कराया जाएगा। आगामी सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। 15 माह का समय निर्माण कार्य पूरा करने के लिए है। नई वर्कशॉप में कैंटीन, स्वच्छ बाथरूम और कर्मचारी कक्ष आदि सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वर्कशाप का निर्माण होने से यहां बसों की ठीक करने, डीजल आदि की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।