मवाना। पहली ही बारिश ने क्षेत्र की मुख्य सड़कों की बदहाली की पोल खोलकर रख दी है। मवाना से किला परीक्षितगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पहली ही बारिश में पूरी तरह से टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गया है। जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए ग्रामीणों ने सीएम पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज की है।
गांव सठला निवासी साजिद प्रधान ने सीएम पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत में मांग की है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले प्रशासन इस मुख्य मार्ग की सुध ले और इसकी मरम्मत कराए। ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। कांवड़ियों व स्थानीय नागरिकों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। शिकायत में बताया कि मवाना से परीक्षितगढ़ जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। बरसात में इनमें पानी भर जाने से हादसों का अंदेशा बना रहता है। गढ़ से आने वाले अधिकतर बड़े वाहन जिनको बिजनौर या मुजफ्फरनगर गुजरना होता है, वे इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। पत्र में कांवड़ यात्रा से पहले मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है।