संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मवाना बार एसोसिएशन की आम सभा में बाह्य कोर्ट के उद्घाटन को लेकर अधिवक्ताओं के दो पक्षों में जमकर गहमागहमी और बहस हुई। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। यह हंगामा सांधन पुलिया के पास नवनिर्मित आउटलाइन सिविल कोर्ट के नए भवन के उद्घाटन को लेकर था।
वकीलों के चेंबरों की व्यवस्था किए बिना ही 5 नवंबर को नए कोर्ट भवन के उद्घाटन की बात सामने आने पर अधिवक्ताओं में रोष फैल गया। अधिवक्ताओं ने एकमत होकर उद्घाटन का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। इस मामले पर वकीलों के दो पक्षों के बीच तीखी बहस और तनातनी हुई। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ अधिवक्ताओं ने बिना विश्वास में लिए उद्घाटन का समर्थन किया। उन्होंने बिना चेंबरों के निर्माण के समर्थन को बार की गरिमा के खिलाफ बताया। विरोध कर रहे वकीलों ने चेतावनी दी कि जब तक बैठने के लिए चेंबर नहीं मिलते, विरोध जारी रहेगा। कचहरी परिसर में हुई बैठक में प्रस्ताव और अविश्वास प्रस्ताव को लेकर खींचतान चलती रही।
अधिवक्ता अमित कामिल ने बताया कि चेंबर नहीं बनने तक उद्घाटन का विरोध करने का निर्णय हुआ था। उन्होंने जिला बार से सहयोग मांगा था। जिला बार ने प्रस्ताव देने की बात कही थी। लेकिन कोई प्रस्ताव नहीं दिया, जिससे हंगामे की स्थिति बनी। कामिल ने कहा कि उन्होंने अपने चेंबर बार को दान देने के लिए कह दिया था।
मवाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बल्लभ एडवोकेट ने अमित कामिल पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कामिल अपने चेंबरों को न्यायालय परिसर में रखवाना चाहते हैं। अध्यक्ष ने इसे मना कर दिया क्योंकि सरकार चेंबर बनाकर दे रही है। बल्लभ ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव बार के संविधान में नहीं है। उन्होंने अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
मवाना बार एसोसिएशन की बैठक में अधिवक्ताओं में आपस में होता हंगामा। (स्त्रोत सोशल मीडिया) मवाना