डीजे बजाने पर मौलवी ने निकाह पढ़ाने से किया इनकार
कैराना (शामली)। कस्बे में दिल्ली से आई एक बरात में डीजे बजता हुआ देख मौलवी ने निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया। बाद में पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। देर रात लड़के पक्ष के माफी मांगने पर दूसरे मौलवी ने निकाह की रस्म पूरी कराई।
रविवार को दिल्ली के जगतपुरी से एक बरात कस्बे के मोहल्ला खैल कला में आई थी। बराती अपने साथ डीजे भी लेकर आए थे। जैसे ही निकाह की रस्म का समय हुआ तो बराती डीजे बजा कर नाचने लगे। बरात में डीजे बजता देख मौलवी ने निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया। मौलवी के इनकार करने पर लड़के पक्ष के लोग इधर-उधर घूमकर किसी अन्य मौलवी से निकाह पढ़वाने का प्रयास करने लगे। मोहल्ला खैलकला वार्ड नंबर 22 के सभासद राशिद ने बताया की सोमवार रात करीब 11 बजे लड़के पक्ष द्वारा माफी मांगने पर दूसरे मौलवी ने निकाह पढ़ाया।