भोला रोड स्थित गद्दे बनाने की फैक्ट्री के दो गोदामों में बृहस्पतिवार को भीषण आग लग गई। फैक्ट्री के कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियों ने करीब साढे़ तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है।
टीपी नगर थाना क्षेत्र के भोला रोड स्थित इंडस्ट्रीयल एरिया में विजय गोयल की वाल्म फोम्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जूट के गद्दे बनाने की फैक्ट्री है। गद्दों की यूपी के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा आदि राज्यों में सप्लाई होती है। फैक्ट्री में तैयार माल को रखने के लिए टीन शेड की छत वाले तीन बड़े गोदाम हैं।
बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा 10 बजे फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मियों ने एक गोदाम से आग की पलटें उठती देखी तो उन्होंने फैक्ट्री में लगे तीनों वाटर पंप चालू कर आग पर पानी डालना शुरू कर दिया। आग की लपटें देख फैक्ट्री के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर टीपी नगर थाने की पुलिस पहुंची और परतापुर ,घंटाघर, पुलिस लाइन से फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां बुलाईं। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद करीब पौने दो बजे आग पर काबू पाया। चीफ फायर ऑफिसर आईएस सोनी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
शार्ट सर्किट से लगी आग
फैक्ट्री के एमडी विजय गोयल ने बताया कि आग से दो गोदामों में रखा पूरा माल जल गया है। गोदाम की छत पूरी तरह नष्ट हो गई है। दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई है।
फैक्ट्री के कर्मियों ने दिखाई हिम्मत
फैक्ट्री में लगी आग कितनी भयंकर थी कि शाम पांच बजे तक भी गोदाम का सामान सुलगता रहा। आग की लपटे देखते ही फैक्ट्री कर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए उस पर पानी डालना शुरू कर दिया, जिससे आग ज्यादा फैल नहीं सकी।
फैक्ट्री में रहता दो लाख लीटर पानी
फैक्ट्री संचालक वियज गोयल के अनुसार उनकी फैक्ट्री में आग से बचाव के लिए तीन वाटर पंप लगे हैं। पूरी फैक्ट्री में पाइप लाइन के जरिए प्रत्येक गोदाम के बाहर प्वाइंट बनाए गए हैं। फायर बिग्रेड की गाड़ियों को भी फैक्ट्री से ही पानी उपलब्ध कराया गया। फैक्ट्री में दो लाख लीटर पानी उपलब्ध रहता है। वहीं बताया गया कि फैक्ट्री में करीब 12 साल पहले भी भीषण आग लगी थी।
आग बुझाने के बाद आग लगने के कारणों की जांच की गई, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका। फिर से फैक्ट्री में अग्निशमन टीम को भेजकर आग के कारणों को तलाश की जाएगी। हालांकि प्रबंध तंत्र आग लगने का कारण शार्ट सर्र्किट बता रहा है। -आईएस सोनी, चीफ फायर ऑफिसर