भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव लड़पुरा पर छह बदमाशों ने की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव लड़पुरा स्थित एक फार्म हाउस पर शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे छह नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने किसान रिछपाल सिंह को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर 50 हजार रुपये की नकदी और कॉपर के तार लूट लिए।
किसान रिछपाल सिंह गांव खोंजापुर के निवासी हैं। उनका फार्म हाउस पचपेड़ा किनानगर मार्ग पर स्थित है। शुक्रवार सुबह वह अपने फार्म हाउस पर सोए हुए थे। बदमाशों ने उनकी चारपाई को घेर लिया और कनपटी पर तमंचा सटा दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
बदमाशों ने रिछपाल की जेब से पांच हजार रुपये की नकदी निकाल ली। इसके बाद कमरे में रखे गल्ले से बीस हजार रुपये और लूट लिए। उन्होंने स्विमिंग पूल के जनरेटर के अल्टरनेटर से करीब 25 हजार रुपये का कॉपर भी निकाल लिया। लूटपाट के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह पीड़ित पक्ष ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। रिछपाल के बेटे वीरेंद्र ने भावनपुर थाने में छह नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।