शामली में जहानपुरा निवासी दूसरे समुदाय के युवक से शादी करके हरियाणा निवासी युवती की जिंदगी मुसीबत में पड़ गई। युवती ने परिजनों को कॉल करके बताया कि उसको पीटा जाता है और प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़िता के परिजनों ने हिंदू संगठन के लोगों के साथ कैराना कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने गांव में दबिश दी, लेकिन युवक-युवती गांव में नहीं मिले।
हरियाणा के जिला सोनीपत के थाना खरखौदा के गांव मंडोरी में कैराना क्षेत्र के गांव जहानपुरा निवासी असजद छह माह पूर्व भवन निर्माण में मजदूरी करने गया था। असजद गांव में ही किराये पर मकान लेकर रह रहा था। 25 अप्रैल को असजद पड़ोस में रहने वाली युवती को बहला फुसलाकर अगवा कर लाया था। युवती के पिता ने खरखौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था। तब युवती ने बयान दिया था कि उसने अपनी मर्जी से असजद के साथ निकाह कर लिया है। इस कारण तब मामला रफा दफा हो गया था। इसके बाद से युवती असजद के साथ जहानपुरा गांव में रह रही थी।
पढ़ें : दूसरे समुदाय के युवक ने जबरन पकड़ा छात्रा का हाथ, बखेड़ा, जमकर धुनाई
युवती के साथ मारपीट की जाती है
युवती के साथ मारपीट की जाती है
वहीं, मंगलवार रात युवती ने अपने परिजनों को कॉल करके बताया कि असजद और उसके परिवार वाले उसको प्रताड़ित करते हैं। मारपीट की जाती है तथा घर से बाहर नहीं निकलने देते हैं, जिस कारण वह यहां नहीं रहना चाहती है। बुधवार को युवती के माता पिता खरखौदा थाने के एसआई संजय कुमार और सोनीपत जिले के हिंदू जागरण मंच के जिला संगठन मंत्री गोविंद कुमार, सदस्य राजीव चौहान, संजीव चौहान एडवोकेट, प्रवीण चौहान, ओम सिंह, सतेंद्र, अमित और हिंदू जागरण मंच की विभाग संयोजिका कविता शर्मा एडवोकेट कैराना कोतवाली पहुंचे। वहीं, शामली से बजरंग दल के मेरठ प्रांत छात्र प्रमुख विवेक प्रेमी, सत्संग समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन बजरंगी भी कैराना कोतवाली पहुंच गए। युवती की मां ने बताया कि आरोपी असजद पहले से शादीशुदा है, पूर्व में उसकी बेटी को दबाव में लेकर गलत बयान दिलाया गया था।
पढ़ें : युवती का धर्मांतरण कराकर कोर्ट मैरिज की कोशिश, कचहरी में हुआ बवाल
इसके बाद कैराना कोतवाली पुलिस को साथ लेकर हरियाणा पुलिस ने जहानपुरा में दबिश डाली, लेकिन आरोपी असजद और युवती वहां नहीं मिले। इस पर पुलिस आरोपी के पिता व भाई को कोतवाली ले आई। बाद में जहानपुरा ग्राम प्रधान पुत्र इंतजार अली और सपा नेता रियासत राणा कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कहा कि दो दिन में युवती को पुलिस के सामने पेश करा देंगे। इसके बाद आरोपी के पिता व भाई को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि हरियाणा पुलिस के कहने पर जहानपुरा में दबिश डाली गई थी। युवती व आरोपी युवक गांव में नहीं मिला।
हिंदू संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बजरंग दल मेरठ प्रांत छात्र प्रमुख विवेक प्रेमी और सत्संग समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन बजरंगी ने कहा कि यदि दो दिन के भीतर युवती बरामद नहीं हुई, तो बजरंग दल और धर्मयात्रा महासंघ के कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उधर, विशेष समुदाय के युवक द्वारा हरियाणा से युवती को बहला फुसला कर लाने और निकाह करने के बाद प्रताड़ित करने के मामले में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ने पर खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया। खुफिया विभाग के अधिकारी मामले पर नजर रखे हुए थे तथा अपने सूत्रों से पल पल की खबर ले रहे थे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/