मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र के महताब कॉलोनी में मायके में रह रही विवाहिता सुमायला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। वह दो महीने की गर्भवती भी बताई गई है। डायल 112 को सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला महताब की रहने वाले वाहिद की बेटी सुमायला का निकाह 2019 में पानीपत निवासी दानिश के साथ हुआ था। सुमायला की पांच साल की बेटी भी है। आरोप है दहेज कम लाने पर ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करते थे। तीन दिन पहले 21 जुलाई को पति और ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। वह बेटी को लेकर मेरठ मायके में आ गई थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मायके वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। मायके वालों का कहना है कि वह दो माह की गर्भवती थी। उसकी मौत होने पर परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी। जानकारी पर रेलवे रोड पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।