प्रेम विवाह के बाद से चल रहा था विवाद
मोहल्ला रामबाग निवासी नरेंद्र रहेजा ने बताया कि उनकी बेटी नवीशा ने वर्ष 2020 में काबली गेट निवासी अनमोल से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो छोटे बच्चे भी हैं। आरोप है कि विवाह के बाद से ही अनमोल उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य भी दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे।
मृतका के पिता का कहना है कि उन्होंने कई बार ससुराल पक्ष की मांगों को पूरा भी किया, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। उनका आरोप है कि पहले भी नवीशा को खाने में जहरीला पदार्थ देने की कोशिश की गई थी, जिसमें वह बच गई थी।
बच्चों के बयान से बढ़ा संदेह
नरेंद्र रहेजा के अनुसार रविवार सुबह करीब नौ बजे नवीशा की सास ने फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब मायके पक्ष के लोग चिकित्सक के यहां पहुंचे तो नवीशा की हालत बेहद गंभीर थी और उसका शरीर नीला पड़ चुका था। चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि बच्चों ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। बच्चों के अनुसार बीती रात उनके पिता अनमोल ने उन्हें दूसरे कमरे में जाने के लिए कहा था। कुछ देर बाद जब बच्चा वापस कमरे में आया तो उसने अपने पिता को मां को कोई गोली खिलाते हुए देखा। इसके बाद मायके पक्ष ने हंगामा किया तो ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
सास हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति अनमोल, सास किरण खेड़ा और ससुर मुकेश खेड़ा समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सास किरण खेड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत जहरीले पदार्थ से होने की आशंका है, लेकिन वास्तविक कारण का पता शव परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।