मेरठ। लिसाड़ी गेट निवासी युवती से ससुरालियों ने मारपीट की। जिसके बाद घर से निकाल दिया। लिसाड़ी गेट थाने में एसएसपी के आदेश पर पति और अन्य ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
लिसाड़ी गेट के फतेहउल्लापुर निवासी अदीबा ने प्राथमिकी में बताया कि एक अप्रैल 2022 को उसकी शादी राकिब निवासी किदवईनगर से हुई थी। पति, सास, देवर, ननद उसे कम दहेज लाने का ताना देकर परेशान करने लगे। उससे अपाची बाइक की मांग की जाने लगी। विरोध करने पर उसे तीन माह पूर्व मारपीट कर घर से निकाल दिया। समझौते के बाद उसे पिता ने 40 हजार रुपये देकर 2 जून को पति के साथ भेज दिया। तीन जून को पति ने बाइक नहीं लाने पर अदीबा से मारपीट की और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। देवर व ननद ने बेरहमी से पीटा। आसपास के लोगों ने मायके में सूचना दी तो वह घर पहुंचे तथा उसे मायके ले आए। एसएसपी से शिकायत पर लिसाड़ी गेट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।