सरधना (मेरठ)। क्षेत्र के गांव नंगला ऑर्डर निवासी विवाहिता रीमा ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसे बेरहमी से पीटा गया। दुपट्टे से फंदा लगाकर हत्या का प्रयास किया गया।
पीड़िता रीमा पुत्री उमेश चंद की शादी वर्ष 2020 में उत्तराखंड के रुड़की निवासी युवक से हुई थी। विवाह के समय परिजनों द्वारा दिए गए दान-दहेज से ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। रीमा का आरोप है कि कम दहेज को लेकर ससुरालियों ने शादी के बाद से ही उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया था। कुछ समय से आरोपी और रुपयों की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नहीं हुई तो 10 अप्रैल को रीमा की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर दुपट्टे से फंदा लगाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया। मंगलवार को पीड़िता परिजनों के साथ सरधना थाने पहुंची और पति, सास, ससुर, देवर समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।