किठौर। कस्बा स्थित मोहल्ला व्यापारियान निवासी विवाहिता सुंबुल ने अपने पति अफजल, ससुर साजिद, सास सोना पर घर में घुसकर गाली गलौज, मारपीट, फंदा लगाकर जान से मारने, ज्वलनशील पदार्थ डालने समेत विभिन्न धाराओं में सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा कायम कर विवाहिता को मेडिकल के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
सबुंल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 15 सितंबर को वह अपने तीन वर्षीय बेटे वसी और दो साल की करीच के साथ कस्बा स्थित अपने ससुराल आई थी। आरोप है कि वह घर में अपने कमरे में पहुंची तो उसके पति अफजल, सास सोना, ससुर साजिद, देवर साहिल, अरसलान तथा ननदोई सद्दाम और तंजेब ने गाली गलौज कर मारपीट की तथा गले में फंदा लगाकर और ज्वलनशील पदार्थ डालकर जान से मारने की प्रयास किया।
आरोप है की सभी उसके बाल पकड़कर घसीटते हुए बाहर ले गए। ननदोई ने उसका मोबाइल छीन लिया और घर पर दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पीड़िता ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार शर्मा का कहना है कि विवाहिता का कई साल से दहेज का मुकदमा चल रहा है। इसमें पुलिस चार्जशीट लगा चुकी है। एक मुकदमा कोर्ट में खर्चे का भी चल रहा है। महिला करीब एक साल से मायके में रह रही थी। विवाहिता को पता चला कि उसका पति दूसरा निकाह कर रहा है। जानकारी होने पर विवाहिता ससुराल आई तो ससुरालियों ने घर में नहीं घुसने दिया, जिसे लेकर मारपीट हुई। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।