पुलिस ने पिस्टल व कारतूस के साथ आरोपी को पकड़ा
दौराला। खेड़ी गांव निवासी ग्रामीण ने गांव निवासी एक महिला को उसके मकान में ही बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। महिला के पति अनिल की शिकायत पर पुलिस गांव में पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल व कारतूस बरामद किए।
अनिल ने बताया कि बृहस्पतिवार को बाहर गया हुआ था। इस दौरान उसकी पत्नी घर पर अकेली थी। गांव निवासी एक युवक उसके घर के बाहर पहुंचा और मकान पर ताला जड़ दिया। इस कारण महिला घर में बंद हो गई। महिला ने किसी तरह पति को मामले की जानकारी दी। पति ने मौके पर पहुंचकर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने युवक को पकड़कर मकान का ताला खुलवाया। पुलिस ने आरोपी के पास से .32 बोर का पिस्टल व सात कारतूस बरामद किए। पुलिस पता लगा रही है कि पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।