- 22 को कराया जाएगा 17वां वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। अग्रसेन वैश्य अग्रवाल सभा मेरठ छावनी की ओर से 22 फरवरी को 17वां वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह समारोह सुबह 9:30 बजे पंडित प्यारेलाल शर्मा स्मारक बच्चा पार्क के पास स्थित सभागार में होगा। इसका उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को मंच प्रदान करना है।
शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रेसवार्ता हुई। इसमें मुख्य संरक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि महाराज अग्रसेन महाराज के ध्वज पूजन और ध्वजारोहण समारोह की शुरूआत होगी। इसके बाद अतिथि सम्मान होगा। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल और शोभित विश्वविद्यालय मेरठ के अध्यक्ष कुमार शेखर विजेंद्र मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य संयोजक मुकेश अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, नोएडा, देहरादून और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से वैश्य बंधु इसमें शामिल होंगे। वे विवाह योग्य युवक-युवतियों को लेकर पहुंचेंगे। संस्था की ओर से परिचय पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा। इसमें 1500 से अधिक पंजीकृत युवक-युवतियों का जीवन परिचय शामिल होगा।
संयोजक राजीव मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर युवक-युवतियों की कुंडली मिलान के लिए ज्योतिष विशेषज्ञों की व्यवस्था है। अभिभावक अपने पुत्र पुत्रियों की जन्मपत्री का मिलान कर सकेंगे। प्रफुल्ल राजवंशी ने बताया कि पंजीकृत युवक-युवतियां परिचय सत्र में अपने बारे में बताएंगे और जीवनसाथी की अपेक्षाएं बताएंगे। महामंत्री अमन गुप्ता ने बताया कि बिना पंजीकरण वाले अभिभावक भी कार्यक्रम में आमंत्रित हैं। अध्यक्ष सर्वेश नंदन गर्ग ने कहा कि संस्था 11 निर्धारित कन्याओं का विवाह भी करवाएगी। जिसके लिए आवेदन दिए जा सकते हैं। इस अवसर पर संजय अग्रवाल, अंकित गुप्ता मनु, राम प्रसाद गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, पुरुषोत्तम अग्रवाल, विशाल गर्ग रहे।