मेरठ। नौचंदी क्षेत्र के जैदी फार्म से 13 दिसंबर को प्रेमी के साथ गई युवती को पुलिस ने ऋषिकेश के एक होटल से बरामद कर लिया है। युवती ने फराह से अपना नाम बदलकर माही रख लिया है। उसने ऋषिकेश के मंदिर में प्रेमी नमन मदान के साथ शादी कर ली। नौचंदी पुलिस दोनों को मेरठ ले आई है। पुलिस का कहना है कि युवती ने परिवार के लोगों से जान का खतरा बताकर सुरक्षा की मांग की है।
जैदीफार्म निवासी फरहा (23) का शास्त्रीनगर एल ब्लॉक निवासी व्यापारी के बेटे नमन मदान से करीब डेढ़ साल से दोस्ती थी। नमन केक के संबंध में युवती के घर जाता था। कुछ समय पहले युवती के परिवार को यह पता चला तो उन्होंने उसके घर से निकलने पर रोक लगा दी। 13 दिसंबर को युवती अपने प्रेमी नमन के साथ घर से चली गई। युवती के भाई की तरफ से 14 दिसंबर को नौचंदी थाने में बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया। युवती के परिवार के लोग युवती की बरामदगी की मांग कर रहे थे। वहीं हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने नौचंदी पुलिस से शिकायत की थी कि नमन का अपहरण किया गया। पुलिस ने जब नमन के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो पता चला कि युवक ऋषिकेश में है।
युवती बोली, मैं बालिग हूं
युवती ने बताया कि मैं बालिग हूं। मेरा किसी ने अपहरण नहीं किया था। मैं खुद अपने प्रेमी के साथ गई थी। मुझे शादी करने का अधिकार है। इंस्पेक्टर नौचंदी संजय वर्मा का कहना है कि युवती और युवक दोनों ही बालिग हैं। मेडिकल कराकर युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।