अवैध पटाखों का बाजार रहा गुलजार
सरूरपुर। सुप्रीम कोर्ट, एनजीटी व यूपी सरकार की सख्ती के बावजूद सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मैनापूठी, गोटका व रोहटा गांव में स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से अवैध पटाखों का बाजार गुलजार रहा। ग्रीन पटाखों की आड़ में प्रतिबंधित सुतली बम खूब धड़ल्ले से ऊंचे दाम में बेचे जा रहे हैं। आला अफसरों की आंखों में धूल झोंककर अवैध पटाखा बाजार में बच्चे व महिलाएं प्रतिबंधित पटाखे बेच रहे हैं।
क्षेत्र के मैनापूठी, गोटका और रोहटा गांव में अवैध पटाखा बाजार सजा हुआ है। लेकिन पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। यहां दिन निकलते ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही। आलम यह है कि इस अवैध पटाखा बाजार में आतिशबाज अपने बच्चों से इस काम को अंजाम दिला रहे हैं। जो किसी खतरे से खाली नहीं है। अवैध पटाखा बाजार में पोटाश आदि भारी मात्रा में बिक्री के लिए रखी हुई है। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन का इधर कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में यहां हादसा होने की भी संभावना है। खास बात यह है कि अवैध पटाखों को कई गुना दामों पर बेचा जा रहा है। कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए यहां दिन निकलते ही रोड पर अवैध पटाखों का बाजार गुलजार हो गया। पटाखा खरीदने वालों की भारी भीड़ लगी रही। इससे जाम की स्थिति भी बन गई। रोहटा में कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच की टीम ने दस लाख की कीमत के अवैध पटाखे बरामद किए थे।
एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि अवैध पटाखों की बिक्री के खिलाफ अभियान जारी है। अभी तक करोड़ों रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए जा चुके हैं। इसमें जो भी पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।