सड़क पर फायरिंग करते स्कूटर सवार युवक
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में सीओ ऑफिस के पास भोपा रोड फ्लाईओवर पर बाइक सवार युवकों ने पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग की। पीछे बाइक से चल रहे उनके साथियों ने टिक टॉक पर वीडियो बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
सोशल मीडिया पर शनिवार को उसकी वीडियो वायरल हुई। उक्त वीडियो में कुछ बाइक सवार भोपा रोड फ्लाईओवर पर जा रहे हैं। आगे चल रही एक बाइक पर पीछे बैठा युवक पिस्टल निकालकर खुली सड़क पर लहराता है और ताबड़तोड़ फायरिंग कर देता है। फायरिंग की वीडियो पीछे बाइक से चल रहे युवक अपने मोबाइल से बनाते हैं। सुबह होते- होते सोशल मीडिया पर इस क्लिप को वायरल कर दिया गया। माना जा रहा है कि युवाओं ने टिक टॉक के लिए फायरिंग की उक्त वीडियो बनाई और वायरल कर दी। फायरिंग की वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
यह भी पढ़ें: ये खबर पढ़ उतर जाएगा टिक टॉक का खुमार, जान से प्यारी नहीं कोई चीज, ऐसे हुई किशोर की मौत
धरे रह गए पुलिस सुरक्षा के इंतजाम
खुली सड़क पर फायरिंग कर रहे युवकों की वीडियो जहां बनाई गई, वहां से सीओ सिटी और सीओ नई मंडी ऑफिस कुछ ही दूरी पर है। इसके अलावा, फ्लाईओवर के एक तरफ सिविल लाइंस थाना और दूसरी तरफ पुल नीचे उतरते ही नई मंडी कोतवाली की पुलिस पिकेट रहती है। बावजूद बेखौफ युवाओं ने जिस तरह ताबड़तोड़ फायरिंग की, उससे साफ है कि पुलिस का कतई खौफ नहीं है। पुलिस मुस्तैदी और सुरक्षा के दावों की भी पोल खुल गई है।
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि मामले में नई मंडी कोतवाली में अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। युवकों को चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/