जलमग्न हुई सड़क पर फंसा किसान का ट्रैक्टर
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ों और मैदानी क्षेत्र में हो रही भारी बारिश बिजनौर जनपदवासियों के लिए मुसीबत बन गई है। वहीं हर साल जहां बाढ़ से बड़ा नुकसान होता है वहीं इस बार भी बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोक पाना जिला प्रशासन के लिए चुनौती साबित होगा।
जिले के धामपुर क्षेत्र में लगातार बारिश होने से लोगों के घरों में जहां दो-दो फीट तक पानी भर गया है। वहीं नजीबाद में सूखी नदी और लकड़ हान नदी उफान पर है, इस वजह से भागूवाला -मोटा महादेव बायपास मार्ग बंद कर दिया गया है। दूसरी और हवली वेघा नदी व औखली नदी उफान पर आने से यहां भी आवागमन प्रभावित हो रहा है।
बारिश गिरी स्कूल की दीवार
बढ़ापुर थानाक्षेत्र में ग्राम रामजीवाला में एक ही परिसर में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित है। दोनों विद्यालयों की एक ही चारदीवारी है। मंगलवार को हुई बारिश के कारण विद्यालय की करीब 120 मीटर लंबी चारदीवारी गिर गई। बुधवार को विद्यालय पहुंचे शिक्षकों को चारदीवारी गिरने का पता लगा।