मेरठ। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में आने वाले समय में कई बदलाव देखे जाएंगे। जहां कक्षा एक से 8 तक के बच्चों की प्रत्येक माह इंटरनल परीक्षा होगी। 2 सप्ताह में एक बार इंटरनल टेस्ट होगा। निजी स्कूलों की तर्ज पर यह बदलाव किए जा रहे हैं।
विद्यालय का समय एक अप्रैल से 30 सितंबर तक प्रात: 8 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मिड-डे मील का समय 10.15 से 10.45 तक रहेगा। एक अक्तूबर से 31 मार्च तक प्रात: 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्कूल समय व मिड-डे मील समय प्रात: 11.55 से 12.25 तक रहेगा। शिक्षक विद्यालय शिक्षण प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले व 30 मिनट बाद तक विद्यालय में रहेंगे। शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक रहेगा। ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 मई से 15 जून तक रहेगा। नए सत्र का आरंभ 16 जून से शुरू होगा, जो पहले एक अप्रैल से शुरू होता था। अवकाश तालिका से भिन्न कोई भी लोकल अवकाश स्वीकृत करने का अधिकार जिलाधिकारी के अतिरिक्त अन्य किसी के पास नहीं होगा। समय सारणी में प्रत्येक घंटा 40 मिनट का होगा। साल में न्यूनतम 240 शिक्षण दिवस होंगे। रजिस्टरों/पंजिकाओं की संख्या 40 से कम करके 14 कर दी गईं। विद्यालय प्रत्येक दो सप्ताह में इंटरनल टेस्ट लिया करेंगे। शिक्षक किसी भी गैर शैक्षणिक कार्य, रैली, फेरी, बैंक आदि के कार्य को विद्यालय समय में नहीं कर सकेंगे। विद्यालय मरम्मत, रंगाई पुताई का कार्य या तो अवकाश में कराया जाएगा किसी शिक्षक के निलंबन के एक माह के भीतर मामला निस्तारित होगा। कार्यवाहक बीएसए एसके गिरी का कहना है कि एक पत्र मिला है।