मन्नू कबाड़ी की सोतीगंज, पटेलनगर में आलीशान कोठी है। इसका खुलासा पुलिस ने दबिश के दौरान किया था। अंदेशा था कि मन्नू कबाड़ी से दर्जनों गाड़ियां बरामद होंगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। पुलिस ने गुपचुप तरीके से मन्नू की गिरफ्तारी की। पोल खुलने पर चोरी की एक बाइक और एक तमंचा बरामद दिखाकर कोर्ट में पेश कर दिया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में कोई पुख्ता सबूत नहीं पेश किया।
एसओ सदर बाजार दिनेश चंद के अनुसार, मन्नू कबाड़ी ने पूछताछ में सोतीगंज के हाजी गल्ला, हाजी इकबाल समेत कई माफिया के नाम बताए हैं, जो चोरी और लूट की गाड़ियों को खपाते हैं। पुलिस का दावा है कि जिन जिन के नाम मन्नू ने बताएं हैं, पूछताछ की जाएगी।
संपति जब्त करने की प्रक्रिया जारी
पुलिस का दावा है कि मन्नू कबाड़ी ने अपराध करके करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। अनुबंधित बस चला रखी है। देहात में जमीन खरीदकर डेयरी खोली हुई है। गैंगस्टर के तहत मन्नू की संपत्ति पुलिस जब्त करेगी। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
सोतीगंज में लूट और चोरी के वाहन कटवाने वाले 12 माफिया पुलिस के टारगेट हैं। मन्नू कबाड़ी को जेल भेजने के बाद पुलिस इन माफिया की कुंडली खंगाल रही हैं। पुलिस का दावा है कि मन्नू को रिमांड पर लेकर और पूछताछ की जाएगी।
एसओ सदर बाजार दिनेश चंद के अनुसार, मन्नू कबाड़ी ने पूछताछ में सोतीगंज के 12 माफिया के नाम बताए हैं। ये सभी चोरी और लूट के वाहन खरीद कर सोतीगंज और दूसरी जगह पर कटवाते हैं। इनमें हाजी गल्ला और हाजी इकबाल भी शामिल हैं। सभी माफिया पर अलग-अलग थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि सोतीगंज के इन माफिया पर शिकंजा कसने से दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, राजस्थान समेत कई राज्यों में वाहनों की चोरी पर लगाम लगेगी।
एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह का कहना है कि दिल्ली के दो थाने, टीपीनगर, कोतवाली और सदर बाजार थाने से मन्नू वांछित चल रहा था। दूसरे राज्यों से भी उसके वांछित होने की बात सामने आ रही है। सदर बाजार पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वह पता लगाएं कि मन्नू कहां कहां से वांछित था। ताकि उसका वहां से भी रिमांड बनवाया जा सके।
मन्नू को रिमांड पर लेगी पुलिस
सदर बाजार पुलिस का दावा है कि मन्नू कबाड़ी से पूरी पूछताछ नहीं हो पाई है। उससे चोरी और लूट के वाहन खपाने की काफी जानकारी पुलिस को जुटानी है। मन्नू को जल्द रिमांड पर लिया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि मन्नू के मुकदमों की जानकारी जुटाने के बाद उसको रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई जाएगी।
भूपेंद्र बाहर से बात करने वालों का खंगाला रिकॉर्ड
आजमगढ़ जेल में बंद भूपेंद्र बाफर जेल से किस-किस से फोन पर बातचीत करता है। इसकी जानकारी भी पुलिस ने जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा कि भूपेंद्र जेल से फोन पर अपने रिश्तेदारों और गुर्गों से बात करता है। इसकी जानकारी डीजी जेल तक को है।
एक युवक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात करने का वीडियो वायरल हुआ था। अमर उजाला ने उसको प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बाफर की कुंडली खंगालने के दौरान एएसपी कृष्ण विश्नोई ने इसकी जानकारी जुटाई है।