पति मनीष ने कविता पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, धारदार हथियार से रेता गला
दिल्ली में दरोगा आरोपी के जीजा, बहन और माता-पिता भी दर्ज की है प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर/संवाद
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर में सोमवार को पत्नी कविता की हत्या के बाद आरोपी पति मनीष खून से सने कपड़ों में ही बाइक पर सवार होकर थाने पहुंचा था। इस दौरान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने कविता पर चाकू से 12 से अधिक वार किए थे और तेज धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की थी। पुलिस आरोपी मनीष को आज बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं, दहेज हत्या में नामजद किए गए मनीष के जीजा दिल्ली दमकल विभाग में तैनात दरोगा महेेंद्र, बहन अंजू, पिता बाबूराम और मां विमला की भूमिका की छानबीन कर रही है।
गढ़ रोड स्थित जयभीमनगर निवासी ब्रजपाल ने भावनपुर थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि उन्होंने बेटी कविता का विवाह आठ जुलाई 2022 को मनीष से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही मनीष उनकी बेटी कविता से अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और घरेलू सामान की मांग करता और प्रताड़ित करता था। इस संबंध में वर्ष 2023 में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। इसके बाद मनीष के जीजा महेंद्र और बहन अंजू ने अपनी जिम्मेदारी लेते हुए समझौता करा दिया था। इसके बाद भी आरोपी कविता को प्रताड़ित करता था और अपने माता-पिता के कहने पर उसे पीटता था।
आरोप है कि मनीष ने अपने माता-पिता, बहन और जीजा के कहने पर कविता की सोमवार को हत्या कर दी। परिजनोें ने आरोप लगाया कि आरोपी मनीष उनकी बेटी पर दम तोड़ने पर चाकू से वार करता रहा। आरोपी ने उसकी गर्दन पर भी तेजधार हथियार से हमला किया। इसके बाद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। वारदात के बाद बाइक पर थाने जाने से पहले आरोपी मोबाइल पर बात करता दिखाई दिया है। मायके पक्ष का आरोप है कि आरोपी अपने जीजा या बहन से बात कर रहा है।
-
दो मासूम बच्चों को संभाल रहे कविता के परिजन
मनीष ने अपने दो साल के दिव्यांग बेटे अभिषेक उर्फ उमंग और 11 माह की बेटी माधवी उर्फ सोना के सामने वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद पहुंचे कविता के परिजन दोनों मासूम बच्चों को संभाल रहे हैं। आरोपी पर कार्रवाई की मांग के दौरान किए गए हंगामे के दौरान भी वे दोनों बच्चों को संभालते नजर आए। वे दोनों बच्चों को अपने साथ जयभीमनगर स्थित अपने घर ले गए। मंगलवार शाम कविता के शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
-
बच्चों के बालिग होने तक मकान की बिक्री पर रोक की मांग
कविता के पिता बृजपाल ने सदर तहसील के एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें उन्होंने कहा है कि कविता के दोनों बच्चों के बालिग होने तक उनके मकान की बिक्री पर रोक लगाई जाए। इस संबंध में ऐसी विधिक कार्रवाई की जाए कि बच्चों के बालिग होने तक मकान की कोई बिक्री न कर सके।
-
इस मामले में दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य दरोगा व अन्य की वारदात मेें भूमिका की जांच की जा रही है। संलिप्तता मिलने पर गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
अभिजीत कुमार, एसपी देहात