दो शोहदों की छेड़छाड़ और फोटो खींचकर ब्लैक मेल करने से तंग आकर 12 वीं की एक छात्रा ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में छात्रा को मेरठ के एक नर्सिग होम में भर्ती कराया गया है। छात्रा की मां की तहरीर पर थाना थाना आदर्श मंडी पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मोहल्ला माजरा निवासी आकाश कौशिक और उसका दोस्त शुभम छात्रा को पिछले करीब आठ महीने से परेशान कर रहे हैं। आरोपियों ने उसे दोस्ती के नाम पर एक होटल में बुलाया था और वहां उसके अश्लील फोटो खींच लिए और वीडियो भी बना ली। इनकी इस हरकत के बाद छात्रा ने इनसे दूरी बना ली थी। इसके बाद ये उसका स्कूल आते जाते समय पीछा करने लगे।
दोनों आरोपी युवक छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो क्लिप इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे। इसी से आजिज आकर बुधवार रात छात्रा ने आत्मदाह कर जान देने की कोशिश की। उसकी चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे, तो वहां गंभीर रूप से झुलसी हालत में छात्रा तड़प रही थी।
इसके बाद उसको शामली के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आठ महीने से यदि छात्रा को परेशान किया जा रहा था, लेकिन इस संबंध में पहले कभी पुलिस से शिकायत नहीं की गई।