श्रावण मास की शिवरात्रि पर आस्था के प्रमुख केंद्र छावनी स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। हाई सेंसेटिव जोन में स्थित यह मंदिर जलाभिषेक के दौरान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाएड (एटीएस) और अर्धसैनिक बलों के सुरक्षा घेरे में रहेगा। मंदिर परिसर और आसपास कांवड़ मेला क्षेत्र की खुफिया एजेंसियों और सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रहेगी। ये सभी कैमरे मंदिर परिसर स्थित स्पेशल कंट्रोल रूम से जोड़े गए हैं। मंदिर के बाहर पीएसी, आरएएफ और पुलिस का घेरा रहेगा। सेना भी इस दौरान पूरी चौकसी बरतेगी। शुक्रवार को एसएसपी और एसपी सिटी ने औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।
उमड़ता है केसरिया सैलाब
बाबा औघड़नाथ मंदिर में शिवरात्रि के दौरान लगने वाले कांवड़ मेले में केसरिया सैलाब उमड़ता है। इस बार शिवरात्रि पर सोमवार होने का भी संयोग बन रहा है। श्री बाबा औघड़नाथ शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. महेश बंसल और महामंत्री सतीश सिंघल के अनुसार विगत वर्ष शिवरात्रि पर करीब पांच लाख कांवड़ियों और आम भक्तों ने यहां जलाभिषेक किया था। इस बार यह संख्या छह से सात लाख के बीच रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। उनके अनुसार शिवरात्रि पर सोमवार तड़के पांच बजे से दोपहर एक बजे तक केवल कांवड़िये ही मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद आम भक्तों की बारी आएगी। मंदिर समिति ने अपनी तरफ से भी सुरक्षा और प्रशासनिक बंदोबस्त किए हैं। मंदिर के अंदर-बाहर बेरीकेडिंग, बिजली की सजावट और सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई है। मंदिर के सामने प्रशासनिक कैंप के अलावा खोया-पाया केंद्र, मेडिकल कैंप आदि लगेंगे। वहीं, पं. संजय त्रिपाठी का कहना है कि एक अगस्त को सुबह 4 बजकर 50 मिनट से चतुर्दशी शुरू हो जाएगी। जिसके बाद ही कांवड़िये भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक शुरू करेंगे।
यह रहेगी फोर्स की व्यवस्था
बाबा औघड़नाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के एसपी सिटी ओपी सिंह नोडल प्रभारी होंगे। सुरक्षा के लिहाज से यहां एक कंपनी आरएएफ, दो कंपनी पीएसी, एसटीएफ, तीन एडिशनल एसपी, 6 डिप्टी एसपी, 10 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, एटीएस की एक टीम (25 जवान), क्यूआरटी कमांडो, एक ड्रोन कैमरा, 25 सब इंस्पेक्टर, 500 सिपाही तैनात होंगे। डॉग स्क्वाएड, बम डिस्पोजल स्क्वाएड, एंटी सेबोटॉज चेकिंग टीम, घुड़सवार दस्ता, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस अलग से तैनात रहेगी।
40 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
पूरे कांवड़ मेला क्षेत्र में करीब 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे मंदिर कंट्रोल रूम में एक दर्जन से ज्यादा बड़ी स्क्रीन से जोड़े गए हैं। इन कैमरों से मंदिर के अंदर और बाहर की हर गतिविधियों पर पुलिसकर्मियों की नजर रहेगी।
यह रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
औघड़नाथ मंदिर में लाखों कांवड़िये जलाभिषेक करने के लिए टैंक चौराहे से माल रोड होकर जादूगर चौराहा, सोफिया स्कूल, रजबन बाजार व हनुमान चौक सदर से होकर पहुंचते हैं। टीएसआई संतोष कुमार ने बताया कि 31 जुलाई की शाम से नैंसी चौराहा, वेस्ट एंड रोड और स्टेशन रोड की तरफ से औघड़नाथ मंदिर की तरफ सभी तरह के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। मंदिर वाले रास्ते पर बैरियर लगाकर सभी वाहनों को रोका जाएगा। इसके लिए अलग-अलग प्वाइंट बनाकर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
बारिश की भी संभावना
मौसम वैज्ञानिक एन. सुभाष के अनुसार मौसम के मिजाज को देखते हुए अगले दो-तीन दिन बारिश की संभावना है। ऐसे में सोमवार को शिवरात्रि पर बारिश होने के आसार हैं।