सरधना में मारपीट मामले में मंडी सहायक गिरी गाज, निलंबित किया
सरधना। मंडी सहायक और तौल लिपिक के बीच तीन दिन पूर्व हुई मारपीट के मामले में शनिवार को आखिरकार कार्रवाई हो ही गई। इस मामले में मंडी सहायक सचिन को निलंबित कर दिया गया है। मंडी समिति सचिव रमेश राणा ने यह जानकारी दी।
सरधना की सब्जी मंडी में तीन दिन पूर्व गेट की चाबी को लेकर मंडी सहायक और तौल लिपिक के बीच विवाद हो गया था। मंडी सहायक द्वारा की गई मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हो गया था। इस मामले में शुक्रवार को मंडी सचिव और एसडीएम ने प्रथम दृष्टया जांच में मंडी सहायक को दोषी पाया था। साथ ही जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों के पास भेज दी थी। जिसे लेकर मंडी सहायक के निलंबन की चर्चा भी तेज हो गई थी। शुक्रवार को मंडी सचिव रमेश राणा और एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने मंडी सहायक के निलंबन की पुष्टि की। बताया कि डीडीओ मेरठ के आदेेश पर मंडी सहायक को निलंबित कर दिया गया है।