मंडी सहायक और तौल लिपिक में लात घूंसे चले, एसडीएम ने भी शिकायत पर जांच बैठाई
सरधना। बृहस्पतिवार को मंडी गेट की चाबी को लेकर मंडी सहायक और तौल लिपिक के बीच जमकर लात-घूंसे चले। आढ़तियों और व्यापारियों ने बीच बचाव कराया। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। जिसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। एसडीएम ने भी इस प्रकरण की जांच बैठा दी है।
मोहल्ला आजाद नगर निवासी अभिमन्यु पुत्र मलखान सिंह सरधना मंडी में धर्म कांटे पर ठेकेदार की मार्फत तौल लिपिक के रूप में कार्य करता है। बृहस्पतिवार को मंडी के गेट की चाबी को लेकर अभिमन्यु और मंडी सहायक सचिन कुमार के बीच कहासुनी हो गई। अभिमन्यु का आरोप है कि सचिन ने उससे गेट की चाबी मांगी, जबकि उसके पास नहीं थी। मना किया तो सचिन ने उसके साथ मारपीट कर दी। दोनों के बीच जमकर लात घूंसे चले। आढ़तियों और व्यापारियों ने बीच बचाव कराया। मारपीट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
तौल लिपिक अभिमन्यु, मंडी सहायक सुशील कुमार और कुछ आढ़ती थाने पहुंचे। उन्होंने मंडी सहायक सचिन के खराब रवैये की शिकायत थाना पुलिस से की। एसडीएम अमित कुमार भारतीय के संज्ञान में भी मामला लाया गया। पुलिस ने शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला
मंडी सहायक सचिन कुमार के व्यवहार को लेकर पूर्व में भी मंडी के कुछ आढ़ती के बीच विवाद हुआ था। बृहस्पतिवार को तौल लिपिक के साथ हुई घटना उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। - रमेश राणा, सचिव, मंडी, सरधना
दोषी पर कार्रवाई होगी
मामले में जांच बैठा दी गई है, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। -अमित कुमार भारतीय, एसडीएम, सरधना