तमंचे से जन्मदिन का केक काटना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने पर बर्थडे ब्वॉय और एक अन्य गिरफ्तार
लावड़। जलालपुर गांव में जन्मदिन का केक तमंचे से काटना बर्थडे ब्वॉय को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने पर बृहस्पतिवार को लावड़ और इंचौली पुलिस ने बर्थडे ब्वॉय समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दो तमंचे व दो कारतूस बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया है।
जलालपुर गांव निवासी अबरार ने अपने जन्मदिन पर अपने दोस्तों को बुलाया। अबरार ने जन्मदिन पर केक तमंचे से फायर कर काटा। इस दौरान दोस्तों ने तमंचे से केक काटते हुए का वीडियो बना लिया तथा सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने युवकों की तलाश कर जलालपुर गांव निवासी अबरार और महबूब को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से एक-एक तमंचा व एक-एक कारतूस बरामद किया। पुलिस ने पूछताछ के बाद अवैध असलाह रखने का मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया।