मंडप सजा था और दुल्हन निकाह के लिए तैयार थी, लेकिन उसी वक्त दूल्हे ने दहेज में फारच्यूनर कार की मांग कर ली। बस फिर क्या इसी बात को लेकर बखेड़ा हो गया और दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को बंधक बना लिया। निकाह के वक्त दूल्हे द्वारा दहेज में फारच्यूनर कार की मांग करने से गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके परिजनों सहित बारात को बंधक बना लिया। बाद में दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों के बीच हुई पंचायत में लड़की पक्ष ने दहेज लोभी दूल्हे से अपने बेटी का निकाह कराने से साफ इंकार कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
रविवार को क्षेत्र के गांव ताताहेड़ी निवासी पूर्व प्रधान मुस्तकीम की बेटी का निकाह होना था। शामली जनपद के गांव भूरा कंडेला से जमशेद का पुत्र परवेज दुल्हन को ले जाने के लिए बारात लेकर आया था। बाईपास मार्ग स्थित प्रभा गार्डन में बारात की खातिरदारी और अन्य रस्मों के लिए लड़की पक्ष की ओर से इंतजाम किए गए थे। दोपहर करीब 12 बजे बारात आई तो लड़की पक्ष ने उनका स्वागत करते हुए बारातियों को भोजन कराया।
दूल्हे ने अचानक दहेज में फारच्यूनर कार की मांग कर दी
निकाह
इसके बाद जब निकाह की रस्म अदा की जानी थी तो उससे ठीक पहले दूल्हे ने अचानक दहेज में फारच्यूनर कार की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने उसे समझाने का प्रयास किया, परंतु दूल्हा अपनी मांग पर अड़ा रहा और बिना कार मिले निकाह से इंकार कर दिया। इससें लड़की पक्ष में रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने दूल्हे, उसके पिता और अन्य परिजनों सहित पूरी बारात को बंधक बना लिया। विवाह स्थल के दोनों गेटों पर ताले लगा दिए गए। इससे बारातियों में अफरातफरी मच गई इसके बाद दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने समझौते के प्रयास शुरू किए परंतु लड़की पक्ष ने बेटी का निकाह दहेज लोभी के साथ करने से साफ इंकार कर दिया। साथ ही विवाह में दिए गए सामान सहित सभी खर्च वापस नहीं करने तक बारातियों को ना छोडे़ जाने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने मामले में समझौते के लिए पंचायत बुला ली। जिसमें सपा नेता वसीम चौधरी, पूर्व प्रधान नियाज हसन, मौलवी तैयब, इकराम प्रधान, इनाम, एहसान, अरशद और जिशान वकील आदि शामिल रहे। समाचार लिखे जाने तक बारात बंधक थी और पंचायत चल रही थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/