- ब्रह्मपुरी के भगवतपुरा में मकान के विवाद में किया था कत्ल
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवतपुरा कॉलोनी में बुधवार रात मकान के विवाद में बड़े भाई सचिन वर्मा (36 ) की चाकू मारकर हत्या करने वाले छोटे भाई दीपक उर्फ कुक्की को पुलिस ने कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सचिन की हत्या से परिवार में मातम पसरा है। तीन भाईयों में सबसे बड़े भाई दिग्विजय वर्मा के बड़े मयंक वर्मा की 30 नवंबर को शादी है। परिवार शादी की तैयारी में लगा था। एक भाई की हत्या हो गई, जबकि दूसरा भाई जेल चला गया। इस वारदात से शादी की खुशियां भी गम भी बदल गई है।
सचिन वर्मा की पत्नी शिवानी ने दीपक के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार सचिन का अपने छोटे भाई दीपक उर्फ कुक्की से मकान को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात करीब 8:00 बजे दीपक बड़े भाई सचिन के पास आया और मकान के बंटवारे की बात करने लगा। इसी बात पर कहासुनी होने पर वह गाली गलौज करने लगा। इसी दौरान दीपक ने सब्जी काटने वाले चाकू से सचिन की जांघ पर प्रहार कर दिया। सचिन लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। परिजन घायल सचिन को लेकर बागपत रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जांघ में चाकू पर मुख्य नस कटने के कारण रक्तस्राव ज्यादा हो गया। डाॅक्टरों ने जवाब दे दिया। वहां से परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां पर उपचार के दौरान सचिन की मौत हो गई।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि बुधवार रात में ही केस दर्ज करके आरोपी दीपक उर्फ कुक्की को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।