मेरठ के गंगानगर में मंगलवार को एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह मोबाइल कंपनी में काम करता था। दो दिन से युवक का फोन बंद आने पर कंपनी के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां युवक का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के मोबाइल फोन की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, अमरोहा के धनौरा मंडी थाना क्षेत्र के पेले गांव निवासी शशिकांत त्यागी (26) पुत्र भूदेव त्यागी गंगानगर स्थित एक मोबाइल कंपनी के ऑफिस में टेक्नीशियन का काम करता था। किराए के मकान में ही एक ऑफिस भी बना रखा था।
लॉकडाउन के चलते युवक गंगानगर में ही रह रहा था। कंपनी के तीन अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम से शशिकांत कॉल रिसीव नहीं कर रहा था। मंगलवार को अधिकारी जब ऑफिस पर पहुंचे तो अंदर से ताला बंद था।
जब दीवार फांद कर अंदर पहुंचे तो शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। कमरे में ही मोबाइल फोन भी रखा था। युवक के फांसी लगाने की सूचना पर इंस्पेक्टर गंगानगर बृजेश शर्मा व एएसपी अखिलेश भदौरिया मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जांच में सामने आया है कि मरने से पहले युवक ने मोबाइल में रिकॉर्डिंग भी की। इस मोबाइल फोन की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
एएसपी सदर देहात अखिलेश भदौरिया का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच में सामने आया है युवक ने दो दिन पहले फांसी लगाकर जान दी है। जांच कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।