मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह घर की छत पर खड़ी युवती से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। वहीं फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लग गई। वहीं पथराव के दौरान दो माह के बच्चे को भी मामूली चोट आई है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी युवकों के घर पहुंचकर एक स्कूटी को जब्त किया है। मामले की छानबीन चल रही है।
मंगलवार सुबह लिसाड़ी गेट क्षेत्र के एक कॉलोनी निवासी युवती अपने घर की छत पर कपड़े सुखा रही थी। आरोप है कि पड़ोसी युवक युवती को इशारे करने लगा युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने अश्लील कमेंट किए।
युवती ने आरोपी के घर शिकायत करने की बात कही। जिसके बाद युवती ने गाली- गलौज कर दी। इस दौरान युवती का पिता भी छत पर आ गया। जिसके बाद आरोपी युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। छत से ही आरोपियों ने पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
बाद में आरोपी पक्ष के लोग घर मे घुस गए और मारपीट कर दी। युवती और उसके परिजनों के साथ बुरी तरह से मारपीट की। मारपीट व पथराव की सूचना पर लिसाड़ीगेट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी को जब्त कर लिया है।
ईंट से घायल हुआ 2 माह का बच्चा भी युवती के परिवार का ही है,वह चारपाई पर लेटा हुआ था। तभी ईंट लगने से बच्चा घायल हो गया। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।