फोन पर कहासुनी के बाद उठाया खौफनाक कदम
एएसपी बजरंग प्रसाद के अनुसार लावड़ कस्बे की जामा मस्जिद के पास रहने वाले 28 वर्षीय सलमान का बृहस्पतिवार सुबह अपने भाई इमरान से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
बताया गया कि कहासुनी के बाद सलमान ने आवेश में आकर अपनी जांघ में चाकू से कई वार कर लिए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह लहूलुहान हालत में गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत मोदीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्षेत्र का जाना पहचाना बॉडी बिल्डर था सलमान
सलमान क्षेत्र में एक बॉडी बिल्डर के रूप में जाना जाता था। वह विभिन्न जिलों में आयोजित बॉक्सिंग और फिटनेस प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई पदक जीत चुका था। इसके अलावा वह कस्बे में पोल्ट्री फार्म चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
परिवार में मचा कोहराम
सलमान की शादी चार वर्ष पहले मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी आयशा से हुई थी। उसके परिवार में एक साल की बेटी और महज 25 दिन का बेटा है। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी आयशा और मां सुल्ताना बेसुध हो गईं और घर में मातम छा गया।
परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से किया इनकार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार सलमान छह भाइयों में पांचवें नंबर का था। उसके सबसे छोटे भाई की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है, जिससे परिवार पहले ही सदमे में था। अब इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है।