न्यायालय के सामने से पकड़े व्यक्ति के बारे में थाना प्रभारी से शिकायत करते सेवादार।
- फोटो : MAWANA
मवाना। बाबा बिरसा सिंह के डेरे की जमीन पर दावा पेश करने मुंसिफ कोर्ट पहुंचे एक वृद्ध को सेवादारों ने दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। थाना पुलिस ने मामला परीक्षितगढ़ क्षेत्र का होने के चलते आरोपी को परीक्षितगढ़ थाने भिजवा दिया।
परीक्षितगढ़ के आसिफाबाद में बाबा बिरसा सिंह के डेरे के सेवादार जोगिंदर सिंह ने बताया कि वह मवाना स्थित मुंसिफ कोर्ट में चल रहे वाद की तारीख लेने बृहस्पतिवार को पहुंचे थे। इसी बीच बाबा बिरसा सिंह की जमीन पर फर्जी तरीके से दावा पेश करने पहुंचे जिला गुरुदासपुर बटाला के गांव काड़की के उजागर सिंह उर्फ अमरीक सिंह पुत्र जित्ती सिंह को कोर्ट के बाहर दबोच लिया। इसकी जानकारी मवाना पुलिस को दी। इस पर इंस्पेक्टर विनय कुमार आजाद ने मामला परीक्षितगढ़ क्षेत्र का होने पर वहीं कार्रवाई किए जाने की बाबत जानकारी दी। वहीं, पीड़ित सेवादार जोगिंदर ने बताया कि बाबा बिरसा सिंह डेरे के बराबर में कलंदरों का डेरा है। यहां बाहर के लोगों को बुलाकर जमीन के फर्जी कागज तैयार कर रहे हैं। मवाना पुलिस ने पकड़े गए वृद्ध को थाना परीक्षितगढ़ भेज दिया है।