फलावदा। क्षेत्र के गांव स्थित एक इंटर कॉलेज के छात्रावास में नाबालिग छात्र से सामूहिक कुकर्म किया गया। छात्रावास प्रबंधक कई दिन तक पीड़ित का इलाज कराता रहा। वहीं, परिजनों ने जानकारी पाकर छात्रावास पर हंगामा किया। इस पर पुलिस ने आरोपी छात्रों को हिरासत में लिया है।
क्षेत्र के गांव स्थित इंटर कॉलेज के छात्रावास में गाजियाबाद निवासी 11 वर्षीय छात्र कक्षा सात की पढ़ाई कर रहा है। उसने मुलाकात करने पहुंची अपनी मां को बताया कि कॉलेज के कक्षा नौ के चार छात्र बीती 15 अगस्त से पूर्व जबरन उठाकर अपने कमरे में ले गए तथा उससे सामूहिक कुकर्म किया। छात्र ने इसकी प्रबंधक से शिकायत की। छात्र का आरोप है कि प्रबंधक ने मामले को दबाने के लिए उसका उपचार झोलाछाप से कराया। छात्र को चार बार फलावदा तथा एक बार मवाना उपचार के लिए ले जाया गया। पीड़ित की मां उससे मिलने आई तो उसने घटना की जानकारी दी। इस पर परिजनों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। इस पर थानाध्यक्ष फलावदा राकेश पुंडीर एवं सीओ मवाना मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी चारों छात्रों को हिरासत में ले लिया। घटना के संबंध में पीड़ित की मां द्वारा चार छात्रों के खिलाफ तहरीर दी गई है। वहीं, थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।