पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र ने मांगी 10 लाख की रंगदारी, मुकदमा
कंकरखेड़ा/मेरठ। रोहटा ब्लॉक के पूर्व प्रमुख एवं मलियाना गन्ना समिति के चेयरमैन बिजेंद्र जिंजोखर पर जमीन कब्जाने और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। बिजेंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
दौराला निवासी संजय चौधरी पुत्र ओमवीर सिंह प्रॉपर्टी डीलर हैं। नेशनल हाईवे पर उन्होंने कई कालोनियां काटी हैं। संजय चौधरी ने बताया कि कंकरखेड़ा क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर उन्होंने शादीलाल स्कूल के पास खसरा संख्या 552 की जमीन पर प्लाट काटे थे। यहां रोहटा ब्लॉक की प्रमुख बॉबी चौधरी के पति बिजेंद्र निवासी गांव जिंजोखर और उनके साथी अशोक गोयल व विभोर गोयल और तीन-चार अज्ञात युवकों ने कालोनी के रास्ते पर जबरन कब्जा कर अपनी जमीन में मिला लिया। 26 सितंबर को जब वह मौके पर गए तो आरोपियों ने उनसे मारपीट की और कनपटी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। संजय का आरोप है कि जब फोन पर बिजेंद्र से बात की, तो उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा बीपी राणा का कहना है कि बिजेंद्र प्रमुख के साथ अशोक गोयल निवासी डिफेंस कालोनी, विभोर गोयल और तीन-चार अज्ञात के खिलाफ जमीन कब्जाने, धमकी देने और रंगदारी मांगने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।