मेरठ। योग विज्ञान संस्थान ने रविवार को दिल्ली रोड स्थित सूर्य पैलेस के मंदिर पार्क में नई निशुल्क योग क्लास का शुभारंभ किया। यहां प्रतिदिन शिक्षकों द्वारा साधना कराई जाएगी। जिला प्रधान बीके गुप्ता ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र के साथ ताड़ासन कराया। इसके अलावा सूर्य नमस्कार, उष्ट्रासन, सर्पासन, मकरासन आदि विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और उनके लाभ बताए।
प्रांतीय प्रधान प्रदीप गुप्ता ने गहरे लंबे श्वास, कपालभाति प्राणायाम और ध्यान कराया। मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने 105 साधकों का धन्यवाद किया। उन्होंने वीरेंद्र बंसल और रितु मित्तल को योग का बैनर देकर क्लास का शुभारंभ किया। एकता अग्रवाल ने मंच संचालन किया। स्नेह लता गुप्ता ने योग पर भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में दीप रस्तोगी, संतराम, महेश अग्रवाल आदि का सहयोग रहा।