- सेना की ओर से मेरठ योद्धा साइक्लोथॉन का किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया और सैन्य अस्पताल की ओर से रविवार को कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में मेरठ योद्धा साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़चढ़कर भाग लिया। 10 किलोमीटर दौड़ में मेजर प्रीति राठी ने महिलाओं में और पुरुषों में अंशुमन ने बाजी मारी। इसके अलावा 6 से 9 वर्ष में विराट यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
साइक्लोथॉन का शुभारंभ पश्चिमी यूपी सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा और सैनिक अस्पताल के कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा ने किया। उन्होंने स्वयं भी 50 से 65 वर्ष वर्ग की दौड़ में प्रतिभाग किया और शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 6 से 9 वर्ष के वर्ग में तीन किलोमीटर दौड़ में विराट यादव ने पहला और आरव धामा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 10 से 13 वर्ष वर्ग में पांच किलोमीटर दौड़ में शौर्य चौधरी ने पहला, अक्ष ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 10 किलोमीटर महिला वर्ग में मेजर प्रीति राठी ने पहला, लेफ्टिनेंट कर्नल रेणुका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में अंशुमन चौधरी ने पहला, अंश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
25 किलोमीटर दौड़ में बंदी चौहान ने पहला, लांस नायक अभिषेक चौधरी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में लेफ्टिनेंट कर्नल मोहितो ने पहला स्थान प्राप्त किया। 50 किलोमीटर दौड़ में आशीष ने पहला, अजीत ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 50 से 65 आयु वर्ग में ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा, मेजर जनरल सुमित राणा ने भी हिस्सा लिया।
वरिष्ठ नागरिकों में सेवानिवृत्त सार्जेंट नंदा कुमार, महिला वर्ग में निशी जैन ने हिस्सा लेकर सभी का हौसला बढ़ाया। इसके अलावा 108 आरएएफ कमांडेंट जितेंद्र कुमार राय, उप कमांडेंट शाहबुद्दीन, दिव्यांग बालक शिव ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। अंत में ब्रिगेडियर एसके सिंह, ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा, मेजर जनरल सुमित राणा ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पदक देकर सम्मानित किया। मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा कि खुद को स्वस्थ रखने के लिए इस प्रकार के आयोजन में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है किए ऐसा आयोजन किया गया है। आगे इससे भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सेना बैंड, सेना डॉग ने भी आकर्षक प्रदर्शन किया।