संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। क्षेत्र में गोवंश में लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गांव नालपुर में अनुज शर्मा, अंकित गुर्जर और देवराज गुर्जर की एक-एक गाय की बीमारी की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव लालपुर में कपिल, देवेंद्र शर्मा, सुनील और धर्मवीर शर्मा समेत कई दर्जन किसानों की गायें गंभीर रूप से बीमार बताई जा रही हैं। कैली, पांची, खासपुर, कूड़ी, कबट्टा और कौल गांव में भी बड़ी संख्या में गोवंश के बीमारी की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है।
पशुपालकों के अनुसार बीमारी के कारण पशुओं की हालत लगातार बिगड़ रही है। कई पशुओं के शरीर पर गांठें निकलने, बुखार और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। बीमारी तेजी से फैलने से पशुपालकों में भय बना हुआ है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो गोवंश इसकी चपेट में आ सकता है। नालपुर निवासी सपा नेता ओमपाल गुर्जर ने मामले की शिकायत पशुपालन विभाग से की। शिकायत के बाद विभाग की टीम गांव लालपुर पहुंची और बीमार पशुओं का परीक्षण कर उपचार किया। ग्रामीणों ने कहा कि बीमारी की रोकथाम के लिए गांव-गांव अभियान चलाने की आवश्यकता है। पशुपालकों का आरोप है कि विभाग के पास बीमारी का कोई उचित इलाज नहीं है।
बयान...
लंपी स्किन डिजीज वायरल बीमारी है, जिसमें मुख्य रूप से लक्षणों के आधार पर उपचार किया जाता है। बीमारी की रोकथाम के लिए संक्रमित पशुओं को अलग रखना, साफ-सफाई और टीकाकरण जरूरी है। विभाग द्वारा सही पशुओं का टीकाकरण कराया जा रहा है। संक्रमित पशुओं का लक्षण के अनुरूप इलाज कराया जा रहा है। - पवित्र जीत सिंह, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी