आरोपी ने बहन व मेडिकल कॉलेज के वार्ड बॉय के साथ मिलकर की थी नर्स की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की जागृति विहार सेक्टर-तीन निवासी नर्स अंजलि शर्मा (25) की बृहस्पतिवार को गला घोंटकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी लिसाड़ी गेट के खुशहालनगर निवासी सूफियान दो दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है
घटना के बाद आरोपी की बहन साजिदा ई-रिक्शा से नर्स का शव लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंची थी। आरोपी ने मेडिकल कॉलेज के वार्ड बॉय किनानगर निवासी जबर सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। आरोपी ने वार्ड बॉय को नर्स के शव को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराने के नाम पर पैसे का लालच दिया था। इसके बाद आरोपी वार्ड बॉय घटना में शामिल हो गया था। मृतका के भाई प्रदीप शर्मा ने पुलिस से मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आरोपी महिला व वार्ड बॉय को जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस आरोपी के रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि अंजलि शर्मा की शादी सात वर्ष पहले मेडिकल के जागृति विहार सेक्टर-8 निवासी सनी के साथ हुई थी। दोनों का पांच साल का एक बेटा जूहित है। करीब एक वर्ष से अंजलि अपने भाई प्रदीप के पास रह रही थी। परिजनों के मुताबिक अंजलि मेडिकल अस्पताल के महिला वार्ड में संविदा पर नर्स थी। अस्पताल में काम करने के दौरान उसकी पहचान आरोपी सूफियान से हुई, जो वहीं काम करता था। आरोपी द्वारा नर्स को परेशान करने के मामले में उसे तीन महीने पूर्व नौकरी से निकाल दिया गया था। आरोपी सूफियान अब नर्स अंजलि पर शादी करने का दबाव बना रहा था और लगातार उसका पीछा कर रहा था। बुधवार सुबह नर्स अंजलि घर से निकली थी। आरोप है कि आरोपी सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया था। इसके बाद लोहिया नगर में ले जाकर गला घोंटकर नर्स की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की बहन साजिदा हेलमेट लगाकर नर्स के शव ई-रिक्शा में लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंची थी। यहां आरोपी के वार्ड बॉय दोस्त जबर सिंह व उसकी बहन ने नर्स के शव को भर्ती कराने का प्रयास किया था। एसपी सिटी का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों साजिदा और जबर सिंह को कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
-मुजफ्फरनगर व गाजियाबाद में दी जा रही दबिश
नर्स अंजलि शर्मा की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सूफियान की तलाश में एसओजी समेत पुलिस की चार टीम लगी हुई हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुजफ्फरनगर व गाजियाबाद में लगातार दबिश दे रही है। वहीं आरोपी की दिल्ली में होने की जानकारी पुलिस को मिल रही है। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।