मेरठ। कोरोना का खौफ किस कदर है कि बचाव के लिए आहूत महायज्ञ टाल दिया गया है। यह यज्ञ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 25 मार्च बुधवार को महाराणा प्रताप प्रांगण जिमखाना मैदान में होना था। इसे गुरुकुल प्रभात आश्रम द्वारा आयोजित कर रहा था। अब यह जनचेतना महायज्ञ 13 अप्रैल सोमवार को होगा। इस यज्ञ में संक्रमण को रोकने के लिए विशेष प्रकार की सामग्री और औषधियों से आहुति दी जानी थी।
मुख्य संयोजक राजेश सेठी ने बताया कि प्रशासन के आदेश से उत्पन्न स्थिति पर विचार करने के लिए आयोजन समिति की आवश्यक बैठक हुई। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने सभी कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि श्रद्धैय स्वामी विवेकानंद सरस्वती कुलाधिपति गुरुकुल प्रभात आश्रम के सानिध्य में बैठक हुई। स्वामी जी ने कहा कि यद्यपि यह विशाल यज्ञ का आयोजन इस विषाक्त संक्रमण को रोकने में सहायक है। उन्होंने एक माह पूर्व कहा कि देसी गाय के शुद्ध घी एवं औषधि युक्त सामग्री से इसे रोका जा सकता है। सरकार का सहयोग करना हम सब का कर्त्तव्य है। अत: यह कार्यक्रम आगामी माह तक स्थगित किया जा रहा है। राजेश सेठी ने सभी आर्यजनों एवं जनसामान्य से अनुरोध किया कि सभी लोग चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 25 मार्च को अपने घरों, मंदिरों एवं आर्य समाजों में यज्ञ का आयोजन कर वैदिक नववर्ष संवत् 2077 का स्वागत करें। उन्होंने कहा कि जो लोग यज्ञ करना चाहते हैं वह समिधा, सामग्री एवं यज्ञ पुस्तक आर्यसमाज थापर नगर में उनसे संपर्क कर निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में अशोक सुधाकर, योगेश मुवार, आचार्य वाचस्पति, अरुण जिंदल रहे।