आज दिवाली पर 37 साल बाद महासंयोग
महालक्ष्मी को मनाने के आठ प्रमुख मुहूर्त
मेरठ। दीपावली पर महासंयोग में मां महालक्ष्मी की पूजा की जाएगी। यह महासंयोग 37 साल बाद बन रहा है। इंडियन काउंसिल ऑफ एस्ट्रालॉजिकल साइंस के संयुक्त सचिव आचार्य कौशल वत्स और ज्योतिष वैज्ञानिक भारत ज्ञान भूषण के अनुसार दीपावली रविवार को सूर्य देव के दिन है। साथ ही रविवार को चित्रा नक्षत्र और अमावस्या होने के कारण 37 साल बाद यह महासंयोग बन रहा है। गृहस्थ लोगों के लिए सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त समय शाम 6:42 बजे से रात 8:38 बजे तक है।
अंधेरे से प्रकाश की तरफ ले जाने वाला पर्व दीपावली आज श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रोशनी के इस पर्व पर हर तरफ दीप मालाएं जगमगाएंगी। घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के अलावा पूरे शहर को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। दीपावली शुद्धता और समृद्धि का पर्व है। इस दिन हर तरफ स्वच्छता और खुशियों का वास होता है। यह त्योहार सभी में उमंग और जोश भर देता है। घरों में शुद्धिकरण के बाद प्रात: और सायंकाल पूजन किया जाता है। हनुमान जी के पूजन के साथ दिन की शुरूआत होती है। घरों में शाम ढलते ही दीप मालाएं सजाई जाती हैं। हर तरफ रंगीन रोशनी दिखाई देती है। मां लक्ष्मी और गणेश जी के साथ भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। धर्माचार्यों के अनुसार महालक्ष्मी के साथ आज मां काली की भी आराधना की जाएगी। आज स्थिर लग्न व शुभ-लाभ और अमृत की चौघड़िया (सुबह 9:20 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक) में मां महालक्ष्मी की पूजा अतिफलदायक होगी। आज के दिन धन, सुख और समृद्धि की देवी श्री लक्ष्मी, श्री गणेश और श्री कुबेर की पूजा अर्चना कर धन, पद और प्रतिष्ठा की कामना की जाती है।
पितरों के लिए करें दीप दान
दीपावली के दिन पितरों के लिए भी दीपदान करना चाहिए। इससे परिवार में सुख समृद्धि आती है। आज के दिन पीपल के वृक्ष के नीचे भी एक दीपक जलाना चाहिए।
दीपावली पर पूजन मुहूर्त
1- अमृत का चौघड़िया ... सुबह 9:20 से दोपहर 1:30 तक ( घर व ऑफिस में दीपावली पूजन)
2- शुभ योग ... दोपहर 1:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक (ट्रेडिंग स्थल, दुकान, शोरूम)
3- कुंभ लग्न मुहूर्त ... दोपहर 2:15 से मध्याह्न 3:43 तक (बड़े उद्योग व संस्थानों में दीपावली पूजन)
4- वृष लग्न पूजन ... शाम 6:42 बजे से रात 8:38 बजे तक (घरों में गृहस्थ लोगों के लिए सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त)
5- शुभामृत योग .... शाम 6:00 बजे से रात 9:00 तक (अपने नगर से बाहर गए हुए लोगों के लिए)
6- प्रदोष काल .... शाम 5:37 से शाम 6:49 तक (जन साधारण सभी के लिए मुहूर्त)
7- सिंह लग्न मुहूर्त ... रात्रि 1:17 बजे से 3:35 बजे तक (तंत्र साधना व सिद्धि प्राप्ति हेतु विशेष मुहूर्त)